
सबाग (बलरामपुर)। सबाग क्षेत्र के मूडकम, चलचलचुआं, नहलू, पियारटोली, सेरंगडांड सहित कई गांव आज भी बिजली जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित हैं। बिजली नहीं होने के कारण ग्रामीण वर्षों से अंधेरे में जीवन बिताने को मजबूर हैं।
बिजली के अभाव का सबसे अधिक असर पढ़ाई करने वाले बच्चों पर पड़ रहा है। शाम ढलते ही अंधेरा छा जाने से बच्चों को पढ़ाई करने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। वहीं ग्रामीणों को भी दैनिक कार्यों में परेशानी होती है और रात के समय सुरक्षा संबंधी चिंताएं बनी रहती हैं।
इसके अलावा क्षेत्र की कई सड़कें जर्जर स्थिति में हैं। बारिश के मौसम में इन सड़कों पर आवागमन और भी कठिन हो जाता है, जिससे ग्रामीणों, मरीजों और विद्यार्थियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि सबाग क्षेत्र के सभी बिजलीविहीन गांवों में जल्द से जल्द बिजली की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा जर्जर सड़कों का निर्माण एवं मरम्मत कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए, ताकि लोगों को मूलभूत सुविधाओं का लाभ मिल सके और बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
