बलरामपुर-रामानुजगंज। जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गोंदला में सरकारी भूमि पर कब्जे को लेकर सोमवार दोपहर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। घटना में एक व्यक्ति के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि एक महिला भी घायल हो गई। पुलिस ने मेडिकल रिपोर्ट में गंभीर चोट की पुष्टि होने के बाद एक ही परिवार के 3 महिलाओं सहित 6 लोगों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
सरकारी जमीन पर कब्जे को लेकर हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, ग्राम गोंदला निवासी कुशवाहा परिवार और कनोजिया परिवार गांव की एक सरकारी भूमि पर अपना-अपना दावा कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि 7 जुलाई से दोनों पक्षों के बीच भूमि को लेकर विवाद चल रहा था। सोमवार को दोनों पक्ष विवादित जमीन पर पहुंचे, जहां एक पक्ष खेत की जुताई कर रहा था।
इसी दौरान विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई।
हमले में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल
मारपीट के दौरान कनोजिया परिवार के 6 सदस्यों पर रामप्रसाद कुशवाहा और उनके परिवार पर हमला करने का आरोप है। हमले में रामप्रसाद के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि एक महिला भी घायल हुई। घायल रामप्रसाद को पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, बाद में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
बसंतपुर पुलिस ने मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3), 115(2), 191(3) एवं 109(1) के तहत अपराध दर्ज किया है।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने मामले में ग्राम गोंदला निवासी निम्न आरोपियों को गिरफ्तार किया है—
कामेश्वर उर्फ राजेश्वर कनोजिया (40)
तिलेश्वर कनोजिया (42)
रवि कनोजिया (22)
राजकुमारी कनोजिया (62)
सीता कनोजिया (37)
ममता कनोजिया (42)
सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस का बयान
पुलिस के अनुसार मामले की विवेचना जारी है। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.


