अंबिकापुर। बिहार के दरभंगा में कांग्रेस और यूपीए की सभा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्वर्गीय माता जी के लिए अभद्र भाषा के प्रयोग को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) अंबिकापुर सरगुजा ने घड़ी चौक में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव का पुतला दहन किया।
भाजयुमो का आरोप: कांग्रेस नेताओं ने नहीं जताया खेद
इस मौके पर भाजयुमो जिला महामंत्री अंशुल श्रीवास्तव ने कहा कि प्रधानमंत्री की माताजी के लिए कांग्रेसियों द्वारा किए गए अपशब्द किसी भी स्थिति में क्षमा योग्य नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने अब तक इस घटना पर न तो खेद जताया है और न ही माफ़ी मांगी है।
कांग्रेस पर निशाना
भाजपा समलाया मंडल अध्यक्ष कमलेश तिवारी ने कहा कि कांग्रेस अब गाली वाली पार्टी बनकर रह गई है। उन्होंने कहा कि जनता इस चरित्रहीन राजनीति का जवाब आने वाले समय में देगी।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल
इस विरोध कार्यक्रम में भाजयुमो और भाजपा के बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए और कांग्रेस से सार्वजनिक माफ़ी की मांग की।